यूपी परिवहन विभाग में Agniveer को 20% आरक्षण, प्रवर्तन सिपाही भर्ती में मिलेगा मौका
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य परिवहन विभाग में प्रवर्तन सिपाही (Enforcement Constable) के पदों पर भर्ती के लिए अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शासन ने परिवहन निगम मुख्यालय को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। यह फैसला अग्निवीरों के पहले बैच को ध्यान में रखकर लिया गया है, जो इसी वर्ष अपना चार साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने पिछले साल ही पुलिस भर्ती में भी अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की थी। अब परिवहन विभाग में भी इसी तर्ज पर आरक्षण लागू करने की तैयारी है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जता दी है। अधिकारियों का मानना है कि अग्निवीरों के पास सैन्य सेवा का अनुभव और अनुशासन होगा, जिसका लाभ विभाग को मिलेगा।
यह आरक्षण उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली प्रवर्तन सिपाही भर्ती में लागू होगा। वर्तमान में 477 प्रवर्तन सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है, लेकिन भविष्य की भर्तियों में यह आरक्षण लागू किया जाएगा। अग्निवीर योजना 2022 में शुरू हुई थी और इसका पहला बैच 2026 में रिटायर होने वाला है।
