होली के बाद लखनऊ स्टेशन पर भारी भीड़, Delhi Mumbai जाने वाली ट्रेनों में ‘Holi rush’ से मारामारी
होली के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण लखनऊ के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अव्यवस्था का माहौल है। दिल्ली, मुंबई और चंडीगढ़ जैसे महानगरों में नौकरी और पढ़ाई के लिए वापस जा रहे लोगों की संख्या इतनी अधिक है कि ट्रेनों में जगह नहीं बची है। नियमित ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तत्काल टिकटों की बुकिंग के लिए भी मारामारी मची हुई है। गुरुवार को टिकट खिड़कियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। दिल्ली और मुंबई रूट की प्रमुख ट्रेनों में तत्काल कोटा खुलते ही महज पांच मिनट के भीतर सभी सीटें फुल हो गईं।
जिन यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल सका, उन्हें मजबूरी में जनरल कोच के भारी रश में सफर करना पड़ रहा है। स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बावजूद हालात यह हैं कि उनमें भी अब जगह नहीं बची है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मुंबई जाने वाले यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ शनिवार को होने की संभावना है। दरअसल मुंबई पहुंचने में करीब 24 से 25 घंटे का समय लगता है, इसलिए सोमवार को ड्यूटी ज्वाइन करने वाले अधिकांश यात्री शनिवार को निकलना मुफीद मान रहे हैं। दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में तो वेटिंग टिकट मिलना भी अब दूभर हो गया है।
स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन सर्तक हो गया है। प्लेटफॉर्मों पर भगदड़ जैसी स्थिति न बने, इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है और यात्रियों को कतारबद्ध होकर ट्रेनों में चढ़ने की हिदायत दी जा रही है।
