0

विधायक की गाड़ी से दो घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH किया जाम

By Nov 24, 2025

ओडिशा के मयूरभंज जिले में रविवार शाम एक सड़क हादसे ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया। सारसकणा के विधायक भादव हांसदा की स्कॉर्पियो (OD05AK-7493) ने लूना सवार दो ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना टांगणा चौक के पास शाम करीब 5 बजे हुई, जब विधायक की गाड़ी उदला की ओर जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार, बासिपिठा के निकट विधायक की गाड़ी अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रही लूना को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लूना सवार संन्यासी सिंह (55) और मिचु सिंह (60) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि विधायक की गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी और वहीं फंस गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद विधायक, उनके पीएसओ और चालक गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बारीपदा अस्पताल पहुंचाया गया। विधायक के घटनास्थल से भागने की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने उदला–बारीपदा राज्य राजमार्ग पर टायर जलाकर यातायात अवरुद्ध कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर खुंटा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद, जब ग्रामीणों को यह आश्वासन दिया गया कि विधायक दोनों घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेंगे, तब जाकर सड़क जाम हटाया गया।

इस संबंध में प्रतिक्रिया जानने के लिए विधायक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। खुंटा थानाध्यक्ष पंचानन महांती ने बताया कि दुर्घटना में शामिल विधायक की गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि पीड़ितों की ओर से शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह भी बताया गया है कि दोनों गंभीर रूप से घायल टांगणा गांव के निवासी हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें