लखनऊ में दो सड़क हादसे: दुबग्गा और सुशांत गोल्फ सिटी में दो युवकों की मौत
लखनऊ में शनिवार देर रात और रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की जान चली गई। पहला हादसा दुबग्गा इलाके में हरदोई रोड पर हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने पैदल सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा दशहरी मोड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और वह कथित तौर पर नशे की हालत में सड़क पार कर रहा था। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
दूसरा हादसा सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर रोड पर हुआ। यहां जलसा रिसॉर्ट के पास सड़क किनारे घायल मिले प्रशांत तिवारी (38) को अस्पताल ले जाया गया। प्रशांत मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के लाला का पुरवा गांव के रहने वाले थे। वह फरीदाबाद में अपने पिता के साथ काम करते थे और शनिवार को दिल्ली से अपने घर जाने के लिए बस से निकले थे।
पुलिस ने बताया गया कि सुल्तानपुर रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों को सूचित करने का प्रयास कर रही है।
