लखनऊ में किसान चौपाल से लौट रहे समाजसेवी को धमकी, BJP MLA पर अभद्र टिप्पणी का आरोप (Lucknow news)
लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में एक समाजसेवी ने स्थानीय दबंगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। समाजसेवी दीपक शुक्ला उर्फ तिरंगा महाराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दबंगों ने उन्हें किसानों के मुद्दे पर पैरवी न करने के लिए धमकाया। यह घटना तब हुई जब वह नैमिष नगर योजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित चौपाल से लौट रहे थे।
दीपक शुक्ला ने बताया कि 2 अप्रैल को वह किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित जन चौपाल में शामिल हुए थे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन और एलडीए अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा था। चौपाल से लौटते समय रास्ते में राजेंद्र गुप्ता और उनके बेटे अंकित ने चार-पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह किसानों के नेता क्यों बन रहे हैं और उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन क्यों दिया। दबंगों ने आरोप लगाया कि वे किसानों के साथ मिलकर दंगा भड़काना चाहते थे, लेकिन समाजसेवी के ज्ञापन सौंपने से उनका प्रयास विफल हो गया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
समाजसेवी ने यह भी आरोप लगाया कि दबंगों ने फोन पर धमकी देते हुए क्षेत्रीय विधायक योगेश शुक्ला के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। सैरपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
