लखनऊ में महिला से ठगी, Fake notes देकर ले उड़े 70 हजार के जेवर
लखनऊ के कैसरबाग इलाके में टप्पेबाजों ने एक महिला को निशाना बनाया है। बदमाशों ने महिला को नकली नोटों की गड्डी थमाकर उसके 70 हजार रुपये के सोने के जेवर लूट लिए। महिला ने जब बैग खोलकर देखा तो उसमें ऊपर 500 रुपये का एक असली नोट था, जबकि बाकी सब कागज की गड्डी थी। पीड़िता ने कैसरबाग कोतवाली में टप्पेबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उदयगंज के पुराना बर्फ खाना निवासी पिंकी शनिवार को किसी काम से बर्लिंगटन चौराहे गई थीं। इसी दौरान दो टप्पेबाजों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिंकी को नकली नोटों की गड्डी दिखाते हुए कहा कि ये डेढ़ लाख रुपये हैं। उन्होंने पिंकी को बातों में फंसाया और कहा कि वह उन्हें अपने साथ ले चलेंगे। इसके बदले में उन्होंने पिंकी से मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स उतरवा लिए।
पिंकी ने बताया कि टप्पेबाजों ने उन्हें नोटों की गड्डी थमा दी और कुछ दूर जाने के बाद मौका पाकर फरार हो गए। जब पिंकी ने बैग खोलकर देखा तो उसमें कागज की गड्डी थी। पीड़िता ने बताया कि मंगलसूत्र और टॉप्स की कीमत करीब 70 हजार रुपये थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से टप्पेबाजों की तलाश कर रही है।
