लखनऊ में दबंग महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस चौकी के बाहर अधिकारियों को दी जान से मारने की धमकी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला ने पुलिस चौकी के सामने खुलेआम हंगामा कर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पारा थाना क्षेत्र के हंसखेड़ा इलाके में एक दबंग महिला ने पुलिस चौकी की दीवार पर आपत्तिजनक पोस्टर चिपकाए और फिर सड़क पर नाचते हुए पुलिस अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आरोपी महिला की पहचान मानसी यादव उर्फ हिमांशी के रूप में हुई है, जो कांशीराम कॉलोनी, हंसखेड़ा की निवासी है। महिला ने हंसखेड़ा पुलिस चौकी के सामने पहुंचकर चौकी इंचार्ज मुन्नालाल और पारा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश सिंह को सीधे नाम लेकर धमकी दी। वीडियो में वह उत्तेजक हाव-भाव करते हुए अधिकारियों को जान से मारने, नंगा कर सड़क पर घुमाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देती नजर आई। यह सब उसने दिनदहाड़े, पुलिस चौकी के ठीक सामने किया, जिससे उसकी बेखौफ मानसिकता उजागर होती है।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी मानसी यादव पर पहले से ही 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह आदतन अपराधी है और पहले भी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभद्र भाषा में वीडियो बनाकर वायरल कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला की हरकतों से न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचा है, बल्कि पुलिस विभाग की साख पर भी आंच आई है।
चौकी इंचार्ज मुन्नालाल की तहरीर पर आरोपी हिमांशी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, अभद्र भाषा के प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हैं और जल्द ही उसे हिरासत में लिए जाने की संभावना है। यह घटना दर्शाती है कि कैसे कुछ अपराधी कानून का डर खोकर खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
