लखनऊ में Green Corridor की सड़क धंसी, उद्घाटन के 3 दिन बाद ही गुणवत्ता पर उठे सवाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यातायात को सुगम बनाने के लिए बनाई गई ग्रीन कॉरिडोर परियोजना की सड़क उद्घाटन के महज तीन दिन बाद ही धंस गई। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खाटू श्यामजी मंदिर के पास सड़क का एक हिस्सा धंसकर करीब पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे स्थानीय लोगों में रोष है।
विपक्ष ने साधा निशाना
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इस घटना को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “वाह रे डबल इंजन का विकास! अभी 2 दिन पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में जिस ‘ग्रीन कॉरिडोर’ का भारी तामझाम के साथ उद्घाटन किया था, वो पहली बारिश भी नहीं झेल पाया। खाटू श्याम मंदिर के पास सड़क धंसकर 5 फीट गहरा गड्ढा हो गई। जनता की गाढ़ी कमाई ‘सीवर’ में जा रही है या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है? मुख्यमंत्री जी, क्या यही आपका गड्ढा-मुक्त प्रदेश है।”
परियोजना का उद्देश्य और लोकार्पण
बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण किया था। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में यातायात को सुगम बनाना है। दूसरे चरण में डालीगंज से निशातगंज होते हुए समता मूलक चौराहे तक का हिस्सा शामिल है, जिसका लोकार्पण लगभग 299 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था।
जांच के आदेश
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सड़क धंसने के कारणों की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीवेज लाइन फटने के कारण यह हादसा हुआ है। अधिकारियों ने जल्द ही मरम्मत कराकर मार्ग को सामान्य करने का आश्वासन दिया है ताकि आवागमन प्रभावित न हो। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने भी राज्य सरकार से निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
