कानपुर देहात: 3 दिन बाद नदी में उतराता मिला युवक का शव, भेड़ों को बचाते समय हुआ था हादसा
कानपुर देहात जिले में रिंद नदी में डूबे एक युवक का शव तीन दिन बाद बरामद हुआ है। युवक की पहचान श्यामलाल के रूप में हुई है, जो भेड़ों को कुत्तों के हमले से बचाते समय नदी में गिर गया था। पुलिस और SDRF की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को उसका शव घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर उतराता मिला। शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
यह घटना रविवार शाम की है, जब श्यामलाल अपने साथियों के साथ कैलई गांव के पास भेड़ें चरा रहा था। भेड़ों पर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें बचाने के प्रयास में श्यामलाल नदी में गिर गया। उसके साथियों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और SDRF टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तीन दिनों तक चली तलाश के बाद मंगलवार दोपहर को श्यामलाल का शव नदी में उतराता मिला। मैथा चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि शव बरामद कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
