लखनऊ में दरोगा भर्ती परीक्षा के लिए अतिरिक्त बसें खाली रहीं, सेवा 16 मार्च तक जारी
लखनऊ में दो दिवसीय दरोगा भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए परीक्षार्थियों की वापसी के लिए रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए थे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन उम्मीद के विपरीत, इन बसों का उपयोग बहुत कम हुआ।
रोडवेज अधिकारियों ने सबसे अधिक भीड़ कमता स्थित अवध बस स्टेशन पर जुटने की संभावना जताई थी। लेकिन दोनों दिन यहां परीक्षार्थियों की भीड़ बहुत कम रही। आलम यह रहा कि 30 अतिरिक्त बसें डिपो में खड़ी रह गईं। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि अवध बस स्टेशन पर फुटकर में कुछ परीक्षार्थी आए थे, जिन्हें पूर्वांचल जाने वाली नियमित बसों में ही जगह दी गई।
इसी तरह, आलमबाग बस अड्डे पर भी इटावा, औरैया और कानपुर जाने वाले कुछ परीक्षार्थी पहुंचे थे। उन्हें भी तैनात रोडवेज कर्मियों ने रूटीन बसों से रवाना कर दिया। जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त बस सेवा 16 मार्च तक जारी रहेगी, भले ही भीड़ कम हो।
