यूपी छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा, छात्रों ने बताई आवेदन की समस्याएं
उत्तर प्रदेश नियोजन विभाग के ज्येष्ठ मूल्यांकन अधिकारी डॉ. सन्त राम की अध्यक्षता में एक दो सदस्यीय दल ने कानपुर में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की। यह समीक्षा 12 मार्च से 14 मार्च तक की गई, जिसमें पूर्वदशम छात्रवृत्ति, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति और कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजनाओं के क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया गया।
दल ने ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण योजना के तहत संचालित संस्थानों (जैसे डाटा एक्सपर्ट और कानपुर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट) का दौरा किया। प्रशिक्षणार्थियों से आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उपयोगिता के बारे में जानकारी ली गई। छात्रों ने बताया कि योजना के तहत दी जाने वाली धनराशि कम है, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता में कमी महसूस होती है।
इसके अतिरिक्त, दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत इंडस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, साई कॉलेज और कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी जैसे संस्थानों का भी निरीक्षण किया गया। यहां छात्रों से छात्रवृत्ति आवेदन में आने वाली समस्याओं और योजना के उनके सामाजिक-आर्थिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। मूल्यांकन अधिकारी ने संस्थानों को गुणवत्तापरक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
