कानपुर में दर्दनाक हादसा: बिना हेलमेट स्कूटी चला रही छात्रा की मौत, हेड इंजरी बनी वजह
कानपुर के आईआईएम रोड पर गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय बीएससी छात्रा खुशी शुक्ला की मौत हो गई। खुशी स्कूटी से बाजार से लौट रही थी, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह स्कूटी से उछलकर सड़क पर सिर के बल गिरी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हेड इंजरी बताया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर खुशी ने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। यह घटना हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
खुशी मूल रूप से कानपुर के चकेरी की रहने वाली थी और आईआईएम रोड पर अपनी छोटी बहन के साथ ननिहाल में रह रही थी। वह एक निजी कॉलेज से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। खुशी की मां का निधन चार साल पहले ही हो चुका है।
पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फिलहाल परिवार की तहरीर का इंतजार कर रही है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।
