Kanpur crime news: बर्रा में लाखों की चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, 8 लाख का माल बरामद
कानपुर पुलिस ने बर्रा इलाके में हुई दो बड़ी चोरियों का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए जेवर और नकदी समेत करीब 8 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। यह गिरोह पिकअप वाहन का इस्तेमाल कर बंद मकानों की रेकी करता था और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, बर्रा-सात निवासी प्रदीप प्रजापति के बंद मकान में 18 जनवरी को चोरी हुई थी। प्रदीप परिवार के साथ भाई की शादी में शामिल होने गांव गए थे। इसी तरह, बर्रा-4 निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्षित चौहान के घर 16 फरवरी को चोरी हुई थी। हर्षित की मां बेटी को परीक्षा दिलाने राजस्थान गई थीं। दोनों ही घटनाओं में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर के घर हुई चोरी के दौरान, चोर पिकअप में माल लादते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए थे। पुलिस ने लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद गिरोह का सुराग मिला। गुरुवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर बर्रा-2 स्थित भोलेश्वर मंदिर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम उर्फ विक्की उर्फ विराट (औरैया निवासी), राज कश्यप (बलरामपुर निवासी) और अंकित (सजेती निवासी) के रूप में हुई है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरोह का सरगना विक्रम उर्फ विराट है, जिस पर औरैया और कानपुर देहात के विभिन्न थानों में चोरी समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। राज कश्यप पर भी लखनऊ और बर्रा में तीन मुकदमे हैं, जबकि अंकित पर बर्रा थाने में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है।
