लखनऊ में डायमंड रिंग चोरी: महिला ने आस्तीन में छिपाई अंगूठी, CCTV में कैद हुई घटना
लखनऊ में अपराध की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना गोमतीनगर के पत्रकारपुरम स्थित आनंद प्लाजा के ओफिरा लैब डायमंड्स शोरूम की है। शोरूम के स्टोर मैनेजर रंजीत सिंह ने बताया कि 26 फरवरी की शाम करीब 6:25 बजे सांझ शुक्ला अपनी एक महिला रिश्तेदार के साथ शोरूम आई थीं। रात में स्टॉक की गिनती के दौरान एक लैब ग्रोन डायमंड रिंग कम पाई गई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि सांझ शुक्ला के साथ आई महिला ने फुल स्लीव कपड़े पहने थे और अंगूठी को अपनी आस्तीन में छिपा लिया। शोरूम मैनेजर ने बताया कि चोरी की बात सामने आने पर सांझ शुक्ला से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वह चोरी की बात से इनकार कर रही हैं और जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। शोरूम मैनेजर ने गोमतीनगर थाने में अंगूठी चोरी की तहरीर दी है।
दूसरी घटना लखनऊ के माल क्षेत्र की है, जहां चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाया। पतौना गांव निवासी शिवराम ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात को घर पर नहीं थे। चोरों ने घर के पीछे बने कमरे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर करीब 25 हजार रुपये नकद और सोने के जेवर चोरी कर लिए। सुबह पड़ोसियों ने दीवार में सेंध देखकर शिवराम को चोरी की जानकारी दी। पीड़ित की सूचना पर माल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
