अलीगढ़ RTO ने बिना फिटनेस दौड़ रही School Bus समेत 20 वाहन किए सीज, बच्चों की सुरक्षा पर फोकस
अलीगढ़ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर संभागीय परिवहन विभाग (RTO) सख्त हो गया है। शुक्रवार को विभाग ने एक विशेष अभियान चलाकर बिना फिटनेस और परमिट के चल रहे 20 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया। इन वाहनों में स्कूल बसें, ऑटो और मोटर कैब शामिल थे।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रवेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, पंजीकरण और सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की गई। कई वाहनों में गंभीर कमियां पाई गईं, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए स्कूली वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभाग ने जिले के सभी स्कूल संचालकों एवं वाहन स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे अपने वाहनों के फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज तत्काल वैध कराएं और वाहनों की तकनीकी स्थिति भी सुनिश्चित करें। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
