Vizzy Trophy: नॉर्थ जोन ने ईस्ट जोन को 111 रन से हराया, निखिल ने जड़ा शतक
बीसीसीआई की विज्जी ट्रॉफी में गुरुवार को नॉर्थ जोन ने ईस्ट जोन को 111 रन के बड़े अंतर से हराकर चार अंक अर्जित किए। नॉर्थ जोन की जीत में निखिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। गोवा क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए इस मैच में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ जोन ने 49 ओवर में 283 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। टीम की ओर से निखिल ने 94 गेंदों में 17 चौकों और छह छक्कों की मदद से 130 रन की तूफानी पारी खेली। राहुल चौधरी ने 45 रन और आई हसन ने 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। ईस्ट जोन की ओर से गेंदबाजी में विश्वजीत महापात्रा ने पांच विकेट लिए, जबकि आशुतोष यादव को तीन और आदर्श राज को दो सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट जोन की टीम 35.2 ओवर में 172 रन पर ही सिमट गई। टीम की ओर से शशांक ने 39 रन, अभयदय सिंह ने 31 रन, बिनायक ने 29 रन और सार्थक ने 26 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नॉर्थ जोन की ओर से गेंदबाजी में निखिल, माज अहमद, सक्षम और राहुल चौधरी ने दो-दो विकेट लेकर ईस्ट जोन की पारी को जल्दी समेट दिया।
