लखनऊ में भीषण Road Accident: कानपुर हाईवे पर बेकाबू कार ने 6 को कुचला, बच्चे की मौत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कानपुर हाईवे पर गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गए। बंथरा स्थित हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए निकल गई। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया और कानपुर रोड पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, कानपुर की ओर जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार से बंथरा में हनुमान मंदिर के पास एक किशोरी उतरी। इसके तुरंत बाद कार अचानक बेकाबू हो गई और उसने पहले एक बाइक सवार प्रमोद कुमार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी, जिससे कार ने सड़क किनारे खड़े अरमान (12), उन्नाव निवासी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (06) को कुचल दिया। अनियंत्रित कार ने एक ई-रिक्शा और ऑटो को भी टक्कर मारी, जिससे अवध बिहारी (42) भी घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दीक्षांत को सीएचसी सरोजनीनगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से कानपुर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
बंथरा इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी चालक कार समेत कानपुर की ओर फरार हो गया। पुलिस ने कार से उतरी किशोरी को हिरासत में लिया है और प्रारंभिक जांच में आरोपी चालक के छात्र होने की बात सामने आई है। पुलिस ने चालक की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दो टीमें गठित करने की बात कही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
