यूपी में ऑनलाइन Scam: स्टॉक में मुनाफे का झांसा देकर 3.65 लाख की ठगी
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने एक व्यक्ति को स्टॉक मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर 3.65 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने ग्रुप एडमिन समेत 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित वीनेश कुमार ने बताया कि उन्हें 1 दिसंबर 2025 को ‘बुल रन पर्व’ नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। इस ग्रुप की एडमिन युविका सनयाल थी। शुरुआत में ग्रुप में स्टॉक मार्केट में निवेश और अच्छे रिटर्न के बारे में पोस्ट किए जाते थे। 7 जनवरी को उन्हें दूसरे ग्रुप ‘आईवीएल ग्रुप-455’ में जोड़ा गया।
13 जनवरी को युविका ने वीनेश को कॉल कर स्टॉक में निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलने का लालच दिया। जब वीनेश ने मना किया, तो ग्रुप में लगातार स्टॉक में हुए मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए गए। ठगों के झांसे में आकर वीनेश ने 14 जनवरी को 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें एक ऐप से जोड़ा गया, जहां 22 जनवरी को 30 हजार रुपये, 23 जनवरी को 96 हजार और 97 हजार रुपये, और 24 जनवरी को 52 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्रुप में सुनील बंसल (जिसे प्रोफेसर कहा जाता है), उमंग ठाकुर, महीपाल सिंह, श्रवन कुमार, अनन्या शर्मा, शिवप्रकाश, सिमरन गुप्ता, अर्जुन मेहता, संघमित्रा गुहा, रितिक मेहरा, स्नेहा पटेल, वीएस साय शिवाकुमार, राहुल नायर, चिनमोय चट्टर, मोहम्मद याकूब, पूजा पटेल, सौरव विस्वास, पीतांबर लाल, बृजबाला शर्मा और अवनीत कौर सहित कई लोग शामिल थे। ये सभी मिलकर ग्रुप में अच्छा मुनाफा दिखाकर लोगों को आकर्षित करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
