कानपुर के पास Mahakal Express पर पथराव, S-1 कोच का शीशा टूटा; RPF ने शुरू की जांच
वाराणसी से इंदौर जा रही महाकाल एक्सप्रेस (20415) में रविवार रात कानपुर के पास पथराव की घटना सामने आई है। गोविंदपुरी और भीमसेन स्टेशन के बीच अज्ञात लोगों ने ट्रेन के S-1 कोच को निशाना बनाया। पथराव के कारण कोच का शीशा चकनाचूर हो गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के बाद ट्रेन को उरई स्टेशन पर रोककर जांच की गई, जिससे लगभग 20 मिनट की देरी हुई।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आरपीएफ पोस्ट भीमसेन में अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में ट्रेन पर पथराव हुआ है। पिछले साल अक्टूबर में भी भीमसेन के पास एक स्पेशल ट्रेन पर पथराव किया गया था। उस समय यात्रियों ने ट्रेन को लंबे समय तक रोके रखने के विरोध में पथराव किया था। हालांकि, इस बार के पथराव का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
