UP politics news: विधानसभा सत्र के पहले दिन सपा विधायकों का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सड़क से लेकर सदन तक धरना प्रदर्शन किया। सपा सदस्यों ने वाराणसी में अहिल्याबाई होल्कर द्वारा निर्मित मणिकर्णिका घाट तोड़े जाने, एसआईआर के नाम पर लोकतंत्र की हत्या किए जाने जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले ही सपा सदस्यों ने विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। सपा विधायकों ने किसानों की बदहाली, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अपराधों जैसे तमाम मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
सपा विधायकों ने लाल टोपी लगाकर हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी की। विधायकों ने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और सत्ता परिवर्तन तक यह लड़ाई जारी रहेगी। सपा सदस्यों ने ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दे, यूजीसी, अस्पतालों में दवाओं की कमी और मेडिकल कॉलेजों की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जताई।
एक सपा एमएलसी अहिल्याबाई की तस्वीर लेकर विधानसभा पहुंचे और कहा कि वाराणसी में जिस तरह से मंदिरों को तोड़ा जा रहा है, उसे लेकर सरकार को घेरने का काम करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की सरकार लगातार मंदिरों को तोड़ने का काम कर रही है, जिसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष होगा।
