Lucknow Kanpur Road पर भीषण जाम, डंपर-कंटेनर की टक्कर से 2 घंटे तक थमा रहा ट्रैफिक
मंगलवार सुबह लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बंथरा थाना क्षेत्र के पास एक सड़क दुर्घटना के कारण भीषण जाम लग गया। लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर यह हादसा हुआ, जिससे यातायात लगभग दो घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। यात्रियों और वाहन चालकों को इस दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुर्घटना सुबह लगभग 10:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कटी बगिया के पास एक डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। डंपर के पीछे आ रहे कंटेनर चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और डंपर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डंपर में फंस गया।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि कंटेनर चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। दोनों वाहनों के सड़क पर खड़े होने से लखनऊ-कानपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति को देखते हुए बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दोपहर 12:30 बजे तक क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
