लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर के घर 1.5 करोड़ की चोरी, नौकर हिरासत में (Lucknow crime news)
लखनऊ के दुबग्गा स्थित लालनगर इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने बेडरूम में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये के सोने, हीरे और चांदी के गहने चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब घर के सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए थे। घर लौटने पर जब अलमारी खोली गई तो चोरी का पता चला। पुलिस ने इस मामले में नौकर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
लालनगर निवासी सलमा खान के पति सय्यद अनवर इमाम प्रॉपर्टी डीलर थे, जिनका दो साल पहले निधन हो गया था। सलमा अपने बेटे और बहू के साथ रहती हैं। शुक्रवार को उनके नाती का जन्मदिन था, जिसके लिए परिवार हजरतगंज के एक होटल में पार्टी में गया था। परिवार के लौटने के बाद रविवार शाम को सलमा को एक अन्य पारिवारिक कार्यक्रम में जाना था। जब उन्होंने अलमारी खोलने की कोशिश की, तो देखा कि ताला टूटा हुआ है।
अलमारी के अंदर लॉकर भी खुला हुआ था, जिसमें रखे सलमा और उनकी बहू के गहने गायब थे। गहनों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। सलमा ने तत्काल बहू को जानकारी दी और नौकर अनूप को बुलाकर पूछताछ की। सलमा के अनुसार, जब परिवार पार्टी में गया था, तब घर पर केवल नौकर मौजूद था। उन्होंने नौकर पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौकर अनूप और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
