संगरूर के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में आधी रात को हमला, सेवादार को मारी गोली | punjab crime news
पंजाब के संगरूर जिले के बडरुखां गांव स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में आधी रात को अपराधियों ने तांडव मचाया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई (punjab crime news)। महाराजा रणजीत सिंह के जन्मस्थान के रूप में प्रसिद्ध इस पवित्र स्थल पर हुए हमले ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब एक बजे चार अज्ञात नकाबपोश एक वाहन में सवार होकर गुरुदारे की सीमा में दाखिल हुए। हमलावर सीधे लंगर हॉल में पहुंचे और वहां सो रहे सेवादार अजीब सिंह की गर्दन दबोचकर उसे दबाने का प्रयास किया। अजीब सिंह के विरोध करने और शोर मचाने पर पास के कमरे से दूसरे सेवादार जसवंत सिंह बाहर आ गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बदमाशों ने जसवंत सिंह पर गोली चला दी, जो सीधे उन्हें जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्र हुए और घायल जसवंत सिंह को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में हमलावरों की हरकतें साफ कैद हुई हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावरों का मकसद चोरी था या किसी गहरी साजिश के तहत माहौल खराब करना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
