माघ पूर्णिमा के बाद सेवा भारती ने चलाया Ganga cleanup अभियान, श्रद्धालुओं को किया जागरूक
माघ पूर्णिमा के पावन पर्व पर गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु अल्लीपुर बरबारा गंगा घाट पर पहुंचे थे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं द्वारा छोड़ी गई गंदगी और कचरे को साफ करने के लिए सोमवार को सेवा भारती के स्वयंसेवकों ने एक विशेष सफाई अभियान चलाया।
संगठन के भड़पुरा सियारपुर के कार्यकर्ताओं ने जिला संरक्षक डॉ. पंकज वार्ष्णेय और दूरवीन सिंह के नेतृत्व में यह अभियान शुरू किया। स्वयंसेवकों ने घाट पर पड़े विभिन्न प्रकार के कूड़े को इकट्ठा किया। इस दौरान खंडित मूर्तियों और तस्वीरों को भी ससम्मान घाट से हटाकर उनका उचित निस्तारण किया गया।
सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने स्नान कर रहे श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पॉलिथीन या अन्य प्रकार के कचरे को गंगा घाट पर न फेंकें। नितिन ने गंगा में हो रही गंदगी को कम करने के लिए श्रद्धालुओं को जागरूक किया और स्वच्छता बनाए रखने का महत्व समझाया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से कहा कि जब भी वे गंगा नहाने आएं और उन्हें कचरा दिखे, तो सभी लोग मिलकर थोड़ी-थोड़ी सफाई करें।
