Budget 2024: CA ने बताया, छोटे कारोबारियों को राहत, विदेश में पढ़ाई के लिए TCS घटा
सिविल लाइंस स्थित सीए इंस्टीट्यूट में वित्त विशेषज्ञों ने केंद्रीय बजट 2024 का सीधा प्रसारण देखा और उसकी समीक्षा की। विशेषज्ञों ने नई कर नीतियों, सरलीकरण और कॉर्पोरेट सेक्टर को दिए गए प्रोत्साहनों को देखते हुए बजट को संतुलित बताया। उन्होंने कहा कि बजट में छोटे कारोबारियों को टीडीएस छूट और अपील के प्री-डिपॉजिट टैक्स में राहत दी गई है, जिससे उन्हें बड़ी मदद मिलेगी।
विदेश में पढ़ाई के लिए TCS में कटौती
बजट में विदेश में पढ़ाई के लिए फीस जमा करने पर फॉरेन एक्सचेंज के टैक्स (TCS) को 5% से घटाकर 2% कर दिया गया है। विशेषज्ञों ने इसे विदेश में पढ़ने जाने वाले छात्रों के लिए एक अच्छा कदम बताया। इसके अलावा, आयकर अनियमितता में अपराधीकरण की श्रेणी को खत्म करने का प्रयास किया गया है।
आयकर नियमों का सरलीकरण
आयकर नियमों के तहत, पकड़े जाने पर 30% टैक्स और 90% जुर्माने के बजाय अब 60% अतिरिक्त टैक्स जमा कर राहत पाने का प्रावधान है। अधिकारियों के जाल में फंसे बिना सरलीकरण की प्रक्रिया और तीन से सात साल तक की सजा को दो साल करने और उसे भी अदालत के जरिये जुर्माने में बदलने को आयकरदाताओं को बड़ी राहत बताया गया है। शेयर मार्केट में निवेश करने वालों को लाभ होने पर कुल धन पर लगने वाले बायबैक को अब निवेश की गई पूंजी और कुल पूंजी के अंतर पर ही लगने को फायदेमंद बताया गया।
