फ्रेंड्स इलेवन ने जीता JB Senior Cricket League का खिताब, डिफेंस इलेवन को हराया
जेबी सीनियर क्रिकेट लीग सीजन-3 का फाइनल मुकाबला फ्रेंड्स इलेवन ने जीत लिया है। शनिवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में फ्रेंड्स इलेवन ने डिफेंस इलेवन को 109 रनों के बड़े अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा किया। फ्रेंड्स इलेवन की जीत में आशीष ओमवीर जुरेल का अहम योगदान रहा, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 79 रनों की पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 230 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आशीष ओमवीर जुरेल के अलावा कौशल शर्मा ने 49 और विशी गुप्ता ने 34 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिफेंस इलेवन की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और पूरी टीम 14.5 ओवर में केवल 121 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। फ्रेंड्स इलेवन के शादाब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष ओमवीर जुरेल को मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ मैन ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। विशी गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, शादाब को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, विकास कुमार को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और शहजान खान को सर्वश्रेष्ठ फील्डर का पुरस्कार दिया गया। संतोष राणा ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
