आगरा में पुल पर बोरे में मिला युवती का शव, agra crime news
आगरा में यमुना नदी पर बने जवाहरपुल पर शनिवार देर रात एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली कि पुल पर एक प्लास्टिक का बोरा पड़ा है। जब पुलिस ने बोरा खोला तो उसके अंदर काली पन्नी में लिपटी हुई एक युवती की लाश मिली। शव पर ताजा खून लगा हुआ था, जिससे यह स्पष्ट था कि हत्या कुछ घंटे पहले ही की गई थी। युवती के हाथ, पैर और गर्दन पर चोट के गहरे निशान थे।
पुलिस के अनुसार, यह मामला हत्या का है और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई थी। आशंका है कि हत्यारे शव को यमुना नदी में फेंकने आए थे, लेकिन किसी कारणवश वे शव को पुल पर ही छोड़कर भाग गए। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि युवती के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे, लेकिन उसके पैरों में बिछुए या मांग में सिंदूर नहीं था, जिससे वह अविवाहित प्रतीत हो रही है। पुलिस अब शव की शिनाख्त के लिए आगरा जोन के सभी जिलों की पुलिस से संपर्क कर रही है। इसके साथ ही पुलिस जवाहरपुल और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि रात के समय कौन-कौन से वाहन वहां से गुजरे थे। पुलिस का मानना है कि शव की शिनाख्त होते ही वारदात का खुलासा हो जाएगा।
