गणतंत्र दिवस: कानपुर सेंट्रल पर हाई अलर्ट, शताब्दी, वंदेभारत की जांच
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेल प्रशासन ने स्टेशन पर हाई अलर्ट जारी किया है। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है।
आरपीएफ टीम ने खोजी कुत्ते के साथ स्टेशन के हर कोने की तलाशी ली। पार्सल घर, पार्किंग, टिकट घर, प्लेटफार्मों और शताब्दी, राजधानी, वंदेभारत जैसी वीआईपी ट्रेनों के डिब्बों की भी सूंघकर जांच की गई। पार्किंग ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि 24 घंटे से अधिक समय से खड़ी गाड़ियों के चालकों की आईडी और फोटो सुरक्षित रखें।
वेंडरों और कुलियों को किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने का निर्देश दिया गया है। डॉग स्क्वॉड ने शताब्दी, राजधानी, तेजस, वंदेभारत, एनई, कालका मेल सहित 12 ट्रेनों में भी जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
संवेदनशील रेलवे ट्रैक पर 24 घंटे गश्त बढ़ा दी गई है। चंदारी से प्रेमपुर, सेंट्रल स्टेशन से गंगाघाट, सेंट्रल स्टेशन से हैरिसगंज पुल और अनवरगंज से उत्तरीपुरा तक के ट्रैक पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया गया है ताकि सूचनाओं का तुरंत आदान-प्रदान हो सके। इस सतर्कता का उद्देश्य गणतंत्र दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
