लखनऊ में लूट की दो वारदातें: बेल्ट से पीटकर बाइक लूटी, व्यापारी से छीने दो आईफोन
लखनऊ में बदमाशों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। शहर में लूट की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। पहली घटना ठाकुरगंज में हुई, जहां एक युवक को बेल्टों से बुरी तरह पीटा गया और उसकी बाइक व मोबाइल छीन लिया गया। दूसरी घटना कृष्णानगर में हुई, जहां एक व्यापारी से दो महंगे आईफोन लूट लिए गए।
ठाकुरगंज में बेल्ट से पीटकर लूट
ठाकुरगंज के मोहनीपुरवा निवासी अमान राईन 14 जनवरी की देर शाम घर का सामान लेने जा रहे थे। रेखा हास्पिटल के पास दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि अमान कुछ समझ पाते, बदमाशों ने बेल्ट निकालकर उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें बाइक से गिरा दिया और मोबाइल तथा बाइक लूटकर फरार हो गए। इस हमले में अमान की आंख में गंभीर चोट आई।
चोटिल अमान किसी तरह घर पहुंचे और अगले दिन दोस्त की मदद से अस्पताल गए। बाद में उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों ने बदमाशों की पहचान सुग्गन और सीटू के रूप में की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
व्यापारी से छीने दो आईफोन
दूसरी घटना कृष्णानगर इलाके की है, जो नवंबर 2025 में हुई थी। गोरखपुर के व्यापारी मुकुल गुप्ता व्यापार के सिलसिले में लखनऊ आए थे। 1 नवंबर की रात वे नहरिया चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दो आईफोन छीन लिए।
मुकुल ने चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से मदद मांगी, लेकिन उन्हें ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह दी गई। सामान अधिक होने के कारण मुकुल वापस गोरखपुर चले गए। 6 नवंबर को लखनऊ लौटकर उन्होंने कृष्णानगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की।
