Lucknow University के छात्रों के लिए Ultratech Cement में इंटर्नशिप का मौका, मिलेगा 20 हजार स्टाइपेंड
लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) के छात्रों के लिए एक बड़ा करियर अवसर सामने आया है। विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के साथ मिलकर 2026 पासआउट बैच के स्नातकोत्तर छात्रों के लिए कैंपस प्लेसमेंट की घोषणा की है। यह अवसर विशेष रूप से एमएससी भूविज्ञान (M.Sc. Geology) के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए है।
सीपीसी के एडिशनल डायरेक्टर डॉ. हिमांशु पाण्डेय के अनुसार, आवेदन करने के लिए छात्रों के न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। चयनित छात्रों को कंपनी द्वारा तीन महीने का संरचित इंटर्नशिप कार्यक्रम प्रदान किया जाएगा। इस अवधि के दौरान, छात्रों को 20,000 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड मिलेगा।
सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने और अंतिम मूल्यांकन में पास होने वाले छात्रों को ट्रेनी पद के लिए प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) दिया जाएगा। ट्रेनी अवधि 12 महीने की होगी, जिसमें वेतन 5.5 लाख रुपये प्रति वर्ष (सीटीसी) होगा। ट्रेनी अवधि पूरी होने के बाद, प्रदर्शन के आधार पर छात्रों को पैन इंडिया में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की किसी भी इकाई में नियुक्त किया जाएगा, जहां अंतिम वेतन 6 लाख रुपये प्रति वर्ष (सीटीसी) होगा।
इच्छुक छात्र 17 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
