समाज सेवा के लिए हिमांशु कुमार मिश्रा को मिलेगा ‘विवेकानंद यूथ अवार्ड’, सीएम योगी करेंगे सम्मानित
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित एक समारोह में सरसौल ब्लॉक के युवा हिमांशु कुमार मिश्रा को ‘विवेकानंद यूथ अवार्ड’ से सम्मानित करेंगे। यह पुरस्कार हिमांशु को समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया जा रहा है।
यह सम्मान युवा शक्ति को प्रेरणा देता है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले युवाओं के प्रयासों को प्रोत्साहित करता है।
हिमांशू वर्तमान में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार ‘माय भारत’ अभियान के तहत सूरत में आयोजित ‘युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम’ में कानपुर की सात सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने फोन पर जानकारी दी कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें इस सम्मान हेतु चुना गया है।
हालांकि, वे इस गौरवशाली क्षण में व्यक्तिगत रूप से लखनऊ में उपस्थित नहीं हो सकेंगे। हिमांशु ने बताया कि राष्ट्र सेवा और भारत सरकार के निर्धारित कार्यक्रम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने अपनी संस्था के कोषाध्यक्ष व अन्य सदस्यों को उनकी अनुपस्थिति में मुख्यमंत्री के हाथों अवार्ड ग्रहण करने के लिए अधिकृत किया है।
