बटेश्वर में नाविकों को स्टोरीटेलिंग की ट्रेनिंग, अब पर्यटकों को सुनाएंगे लोक कथाएं | Agra news
आगरा के बटेश्वर में ग्रामीण पर्यटन को सशक्त बनाने के लिए स्थानीय नाविकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नाविकों को केवल नाव संचालक के बजाय बटेश्वर की संस्कृति, इतिहास और आस्था के संवाहक के रूप में तैयार करना है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह पहल स्थानीय समुदाय के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करेगी और पर्यटकों के अनुभव को और अधिक समृद्ध बनाएगी।
नाविकों को यह प्रशिक्षण मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान (एमकेआईटीएम), लखनऊ के सहयोग से एसडीआरएफ टीम द्वारा दिया गया। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में नाविकों को स्टोरीटेलिंग की कला सिखाई गई, ताकि वे पर्यटकों को बटेश्वर के घाटों, नौका विहार और प्रमुख पर्यटन स्थलों से जुड़ी लोक कथाएं प्रभावी ढंग से सुना सकें। स्टोरी टेलर गौरव श्रीवास्तव ने प्रशिक्षुओं को बटेश्वर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान नाविकों को आपदा प्रबंधन और आपात स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। इसमें प्राथमिक उपचार, सीपीआर और संकट के समय त्वरित प्रतिक्रिया शामिल थी। इसके अलावा, नाविकों को ऑनलाइन पेमेंट जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे पर्यटन की बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को ढाल सकें।
