बटेश्वर में नाविक सुनाएंगे लोक कथाएं, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगी नई पहल (Bateshwar tourism)
यमुना तट पर बसे ऐतिहासिक-धार्मिक पर्यटन ग्राम बटेश्वर में ग्रामीण पर्यटन को सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्थानीय नाविकों को अब केवल नाव संचालन तक सीमित न रखते हुए उन्हें कहानी कहने की कला (स्टोरी टेलिंग) से जोड़ा गया है। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को बटेश्वर की संस्कृति, इतिहास और आस्था से गहराई से परिचित कराना है।
हाल ही में, नाविकों को तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण में उन्हें आपदा प्रबंधन, आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार तथा ऑनलाइन भुगतान जैसी आधुनिक सुविधाओं संबंधी जानकारी दी गई। इस पहल से स्थानीय समुदाय के लिए आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे और पर्यटकों का अनुभव भी बेहतर होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस पहल पर कहा कि बटेश्वर में ग्रामीण पर्यटन को सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। नाविकों को स्टोरी टेलिंग, आपदा प्रबंधन और आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर हम उन्हें केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि बटेश्वर की संस्कृति, इतिहास और आस्था का संवाहक बना रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने नाविकों को बटेश्वर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार स्टोरी टेलिंग के माध्यम से घाटों, नौका विहार एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रभावी ढंग से दी जा सकती है। यह भी बताया गया कि स्थानीय पर्यटन स्थल से जुड़ी कहानी किस प्रकार पर्यटकों की यात्रा को यादगार बनाने में अहम होती है। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन टीम ने आपात स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए, जबकि चिकित्सकों ने संकट के समय सीपीआर एवं त्वरित प्राथमिक उपचार की जानकारी दी।
