Agra News: रोमसंस ग्रुप समेत कई कारोबारियों के ठिकानों पर दूसरे दिन भी IT सर्च जारी, खंगाले जा रहे रिकॉर्ड्स
आगरा और अलीगढ़ में सर्जिकल उपकरण निर्माता रोमसंस ग्रुप और अशोक ऑटो सेल्स पर आयकर विभाग की सर्च दूसरे दिन भी जारी रही। दिल्ली-एनसीआर की 30 से अधिक टीमें दोनों समूहों के प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई देश के सर्जिकल उपकरण निर्माताओं पर एक साथ की गई कार्रवाई का हिस्सा है।
रोमसंस ग्रुप की फाउंड्री नगर स्थित फैक्ट्री, खंदारी स्थित मालिकों के घर और कार्यालयों पर मंगलवार सुबह से ही जांच शुरू हो गई थी। वहीं, अशोक ऑटो सेल्स के नुनिहाई स्थित अस्पताल, पीलाखार स्थित अशोक लीलैंड और नुनिहाई स्थित टाटा मोटर्स वर्कशॉप परिसर समेत कई अन्य ठिकानों पर भी टीमें जांच कर रही हैं। अलीगढ़ में थर्मामीटर बनाने वाली कंपनी हिक्स के प्रतिष्ठानों पर भी सर्च जारी है।
जांच के दौरान केंद्रीय बल तैनात रहे और किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। आयकर विभाग की टीमें दोनों समूहों के कारोबारी लेन-देन और निवेश के दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। कड़ाके की सर्दी के बावजूद नुनिहाई स्थित अशोक ऑटो सेल्स के प्रतिष्ठानों पर मंगलवार रात टेंट हाउस से रजाई-गद्दे मंगाकर जांच जारी रखी गई।
