दिल्ली-NCR में घना कोहरा, ‘Delhi weather’ ने रोकी रफ्तार; उड़ानें प्रभावित, नोएडा में स्कूल बंद
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी कम होने के कारण दिल्ली-NCR में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन बाधित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हुई। कई उड़ानें देरी से चलीं, जबकि कुछ को डायवर्ट करना पड़ा।
दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की, जिसमें उन्हें उड़ानों की स्थिति की जांच करने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी गई। गोवा से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को घने कोहरे के कारण अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। जयपुर हवाई अड्डे पर भी कई उड़ानें डायवर्ट की गईं, जिससे वहां भी भीड़ बढ़ गई। इसके अलावा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
घने कोहरे के कारण नोएडा में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। जिला प्रशासन ने घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए एहतियाती कदम उठाया है। नोएडा में 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
कोहरे के साथ ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। आनंद विहार इलाके में AQI 459 तक पहुंच गया, जो सबसे खराब स्थिति को दर्शाता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों के लिए घने कोहरे काेहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
