मुंबई के भांडुप में BEST बस ने पैदल यात्रियों को रौंदा, 4 लोगों की मौत
मुंबई के भांडुप इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। यह घटना भांडुप रेलवे स्टेशन के पास व्यस्त स्टेशन रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक बस रिवर्स करते समय सड़क पर चल रहे पैदल यात्रियों से टकरा गई।
हादसे में मरने वालों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों में एक महिला और आठ पुरुष हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि बस रिवर्स करते समय यह हादसा कैसे हुआ।
