SIR पर राहुल गांधी को नसीहत, ‘बिहार में सबक मिल चुका है’; BJP प्रदेश अध्यक्ष ने दिया बयान
पटना में एक कार्यक्रम के दौरान बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एसआईआर (SIR) का विरोध करने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का एसआईआर का विरोध करना समझ से परे है, जबकि पहले भी इस तरह के एसआईआर हुए हैं, तब विपक्ष ने कोई सवाल नहीं उठाया था। सरावगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद बांग्लादेशियों के नाम वोटर लिस्ट से हटने से रोकना है, ताकि घुसपैठिए यहां वोट देते रहें।
सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में भी एसआईआर का मुद्दा उठाया था, लेकिन जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर राहुल गांधी ने एसआईआर पर गलत बयानबाजी करना नहीं छोड़ा तो पश्चिम बंगाल और असम में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता गलत जानकारी फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस दौरान सरावगी ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी बिहार दौरे की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नितिन नवीन 23 दिसंबर को अपनी कर्मस्थली पाटलिपुत्र पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पटना के मिलर स्कूल में एक भव्य अभिनंदन समारोह की तैयारी की जा रही है।
