Delhi Airport पर पायलट ने यात्री को पीटा, खून निकला; 7 साल की बेटी सदमे में
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक यात्री के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक ऑफ-ड्यूटी पायलट ने उन्हें सिक्योरिटी चेक के दौरान पीटा। इस घटना के बाद अंकित के चेहरे से खून बहने लगा, और उनकी 7 साल की बेटी सदमे में है। यह घटना तब हुई जब अंकित अपने परिवार के साथ छुट्टियों पर जा रहे थे।
अंकित ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे अपनी पत्नी, 7 साल की बेटी और 4 महीने की बच्ची के साथ यात्रा कर रहे थे। छोटी बच्ची के स्ट्रॉलर के कारण उन्हें स्टाफ के लिए आरक्षित सिक्योरिटी लाइन इस्तेमाल करने की अनुमति मिली थी। लाइन में आगे बढ़ने को लेकर अंकित और पायलट वीरेंद्र सेजवाल (जो इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु जा रहे थे) के बीच बहस हुई। बहस बढ़ने पर पायलट ने कथित तौर पर अंकित पर हमला कर दिया।
अंकित ने अपनी पोस्ट में खून से लथपथ चेहरे की तस्वीर साझा की और आरोप लगाया कि उन्हें एयरपोर्ट स्टाफ द्वारा मजबूर किया गया कि वे एक पत्र लिखें जिसमें कहा जाए कि वे मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे। उन्हें डर था कि यदि वे शिकायत पर अड़े रहे तो उनकी 1.2 लाख रुपये की हॉलिडे बुकिंग बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए सवाल उठाया कि क्या वापस आने के बाद शिकायत दर्ज कराने पर CCTV फुटेज गायब हो जाएगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी है। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें इस घटना पर खेद है और वे ऐसे व्यवहार की निंदा करते हैं। एयरलाइन ने संबंधित पायलट को तुरंत प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया है और जांच पूरी होने तक उन्हें ड्यूटी से दूर रखा जाएगा। एयरलाइन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
