2025 में दिल्ली ने देखे कई बड़े हादसे, आतंकी धमाके और राजनीति उलटफेर | Delhi News Year Ender
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2025 दिल्ली के लिए उथल-पुथल भरा रहा, जहां एक ओर राष्ट्रीय राजधानी को बड़े आतंकी हमले का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर बड़े हादसों और राजनीतिक फैसलों ने भी शहर को प्रभावित किया।
वर्ष की सबसे बड़ी घटना 10 नवंबर 2025 को हुई, जब लाल किले के पास एक भीषण कार विस्फोट हुआ। इस आतंकी हमले में 15 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। केंद्र सरकार ने इसे जम्मू-कश्मीर के एक ‘व्हाइट कॉलर मॉड्यूल’ से जुड़ा आतंकवादी कृत्य करार दिया। इस घटना ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
इससे पहले, 15 फरवरी 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हुआ। महाकुंभ जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच प्लेटफॉर्म बदलने की गलत घोषणा के कारण भगदड़ मच गई। इस अफरा-तफरी में 18 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
साल के दौरान दिल्ली सरकार को भी एक महत्वपूर्ण फैसले पर यू-टर्न लेना पड़ा। सरकार ने 15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। इस फैसले के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए और कई लोगों को आनन-फानन में अपने वाहन बेचने पड़े। व्यापक विरोध के बाद सरकार को यह आदेश वापस लेना पड़ा।
इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर की सड़कों से सभी आवारा कुत्तों को 8 हफ्तों के भीतर शेल्टर होम भेजने का आदेश दिया। इस फैसले का ‘एनिमल लवर्स’ और कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया। उनका तर्क था कि पर्याप्त शेल्टर होम की व्यवस्था किए बिना यह फैसला क्रूर होगा।
