फेरों से ठीक पहले दूल्हे के भाई ने मांगे 5 लाख, दुल्हन ने ठुकराई शादी; मैरिज होम में मचा बवाल
आगरा के टेढ़ी बगिया के पास स्थित एक मैरिज होम में गुरुवार रात उस समय हंगामा मच गया जब फेरों के लिए दूल्हा-दुल्हन मंडप में पहुंचने ही वाले थे। दूल्हे के भाई ने अचानक 5 लाख रुपये और लाने की मांग रख दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी 21 लाख रुपये में तय हुई थी और वे पहले ही 20 लाख रुपये दे चुके थे। उनका कहना था कि यह नई मांग पूरी तरह से अनुचित थी। मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष ने शादी कराने से साफ इंकार कर दिया।
इस पर दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के भाई पर आरोप लगाया कि वह पुलिस विभाग में दरोगा है और अपनी पद का दुरुपयोग कर रहा है। दुल्हन ने भी शादी करने से इंकार कर दिया।
मामला इतना भड़का कि कुछ ही देर में पूरा प्रकरण थाना खंदौली तक पहुंच गया। दुल्हन पक्ष का कहना है कि सुबह से मेहमानों को खिलाया-पिलाया गया, स्टेज प्रोग्राम हुआ और खुशियों का माहौल था, लेकिन फेरों से पहले दूल्हा पक्ष की ‘अचानक मांग’ ने पूरी शादी को तूफान में बदल दिया।
मामला बढ़ता देख दोनों ओर से लोग थाने पहुंच गए। देर शाम तक थाने में दोनों पक्षों की भीड़ लगी रही। थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी ने तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्ष राजीनामे का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
