इंडिगो की मनमानी: लखनऊ-वाराणसी में 33 उड़ानें रद्द, हंगामा करने वाला यात्री गिरफ्तार
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइन की उड़ानें रविवार को भी निरस्त रहीं। हालांकि, शुक्रवार और शनिवार की अपेक्षा रविवार को विमानों के निरस्त होने की संख्या में कुछ कमी आई। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 41, शनिवार को 42 उड़ानें निरस्त थीं, जबकि रविवार को घटकर 33 हो गईं। इसमें अधिकांश उड़ानें सुबह छह से 11 और दोपहर 3:30 से शाम 7:30 बजे की थीं।
उधर, वाराणसी में भी रविवार को दस उड़ानें रद्द रहीं। वाराणसी से इंडिगो की कुल 44 उड़ानें हैं, जिनमें से हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता से आने वालीं पांच उड़ानें निरस्त रहीं। इसके अलावा पुणे से आने वाला विमान दो घंटे विलंब से आया।
शनिवार रात लखनऊ एयरपोर्ट पर मारपीट करने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। देवरिया जिले के पडियापुर के रहने वाले घनश्याम विश्वकर्मा को नशे में होने के कारण दम्माम जाने वाली उड़ान 6ई-97 में सफर करने से रोक दिया गया था। इस पर वह हाथापाई पर उतर आया था। सुरक्षाकर्मियों ने यात्री को सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
लगातार उड़ानों के निरस्त होने से दूसरी उड़ानों का विकल्प लेने से यात्री कतराते रहे। इस कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर रविवार को अपेक्षाकृत कम यात्री ही पहुंचे। अधिकांश ने इंडिगो एयरलाइन के काउंटर पर दूसरे दिन की उड़ानों के टिकट का विकल्प चुनने के लिए जिद्दोजहद की। यात्रियों ने इंडिगो एयरलाइन के कर्मचारियों पर सहयोग न करने का भी आरोप लगाया।
