नीतीश कुमार ने सिपारा ROB-मीठापुर एलिवेटेड पथ का किया निरीक्षण, अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राजधानी पटना में चल रही महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सिपारा गुमटी पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड पथ के निर्माण कार्य का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को हर हाल में अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
यह एलिवेटेड पथ 2.1 किलोमीटर लंबा है और इसके फोरलेन निर्माण से मीठापुर से पुनपुन तक लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यह फोरलेन सड़क पुनपुन में पटना-गयाजी नेशनल हाईवे पथ से जुड़ेगी, जिससे यातायात का प्रवाह सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने महुली-पुनपुन पथ फेज-दो के निर्माण कार्य की प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। इस पथ की कुल लंबाई 11.90 किलोमीटर है, जिसमें 5.20 किलोमीटर एलिवेटेड (फोरलेन) और 6.70 किलोमीटर एटग्रेड (फोरलेन) पथ शामिल है। भूपतिपुर से महुली एलिवेटेड पथ का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है और चालू है। वहीं, महुली से पुनपुन एटग्रेड पथ का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री ने 16 जून को किया था।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मीठापुर से चिरैयाटांड़ फ्लाइओवर को जोड़ने वाले पहुंच पथ एवं सर्विस पथ के निर्माण कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। 1.73 किलोमीटर लंबे इस पथ की चौड़ाई 15.50 मीटर है और इसे जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने से करबिगहिया स्टेशन के पास लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
मुख्यमंत्री के साथ इस निरीक्षण के दौरान उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर पुदकलकट्टी, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
