रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में 5 गिरफ्तार, Lawrence Bishnoi गैंग ने ली जिम्मेदारी
मुंबई में बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है। रविवार तड़के हुई इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है, जिसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए धमकी भी दी है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पुणे के रहने वाले हैं और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक मकसद का पता लगाया जा सके।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली है। गैंग ने धमकी दी है कि यह सिर्फ ‘एक छोटा सा ट्रेलर’ था। उन्होंने रोहित शेट्टी को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने उनकी बात नहीं मानी तो अगला निशाना उनके घर के अंदर होगा। गैंग ने यह भी कहा कि यह चेतावनी पूरे बॉलीवुड के लिए है। इस घटना ने एक बार फिर बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल से जुहू इलाके में आए थे। उन्होंने शेट्टी टावर के पास अपनी बाइक पार्क की और फिर पैदल चलकर इमारत के पास पहुंचे। फायरिंग शेट्टी के निजी जिम के बाहर हुई, जो इमारत की पहली मंजिल पर स्थित है। पुलिस ने घटनास्थल से जिम उपकरण और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। जुहू पुलिस ने रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज किया है और फोरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं।
