प्यार के चक्कर में पाकिस्तान गया युवक, पिता ने सांसद से लगाई गुहार, Aligarh News
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के बरला गांव के रहने वाले बादल बाबू के पिता किरपाल सिंह ने अपने बेटे की रिहाई के लिए स्थानीय सांसद सतीश गौतम से मुलाकात की है। बादल बाबू पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद हैं। किरपाल सिंह ने सांसद को बताया कि उनका बेटा फेसबुक पर एक पाकिस्तानी युवती के प्यार में पड़कर सीमा पार कर गया था। सांसद ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह विदेश मंत्रालय से संपर्क कर बादल को वापस लाने का प्रयास करेंगे।
किरपाल सिंह के अनुसार, बादल बाबू को 27 दिसंबर 2024 को पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया था। 30 अप्रैल को उसे एक साल कैद की सजा सुनाई गई थी। बादल ने अपनी सजा पूरी कर ली है, लेकिन पांच हजार रुपये का जुर्माना न भर पाने के कारण वह अतिरिक्त सजा काट रहा है। परिवार जुर्माने की रकम भरने के लिए तैयार है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि यह रकम पाकिस्तान तक कैसे पहुंचाई जाए।
बादल के पिता ने बताया कि आखिरी बार उनकी बेटे से 11 महीने पहले बात हुई थी। उस समय उसे पाकिस्तान की कोर्ट में पेशी पर लाया गया था और वकील ने बात कराई थी। इसके बाद वकील ने कई बार बात कराने का भरोसा दिया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। अब कई दिनों से अधिवक्ता को फोन और मैसेज करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। परिवार बेटे के वापस आने की आस में परेशान है और अब उन्होंने सांसद के माध्यम से सरकार से गुहार लगाई है।
