शराब की लत से तंग महिला की खुदकुशी, पति को भेजी आखिरी फोटो
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की शराब की लत से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त महिला ने अपने पति को व्हाट्सऐप पर फंदे से लटकते हुए अपनी फोटो भेजी, जिससे हड़कंप मच गया। फोटो देखकर पति घर पहुंचा तो पत्नी फंदे पर लटकी मिली।
जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज निवासी सतीश पाठक चिनहट के स्वप्न लोक कॉलोनी में अपनी पत्नी पुनीता (40) और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। सतीश एक निजी कंपनी में टेक्नीशियन हैं। बताया गया कि सोमवार शाम को सतीश पत्नी के साथ बाजार से खरीदारी कर लौटा था। घर लौटने पर वह नशे में था, जिससे पत्नी पुनीता काफी आहत हुई। इसी बीच, बाथरूम के बाहर फिसलकर चोटिल हुए बेटे को अस्पताल ले जाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
मंगलवार सुबह सतीश ड्यूटी पर चला गया और बच्चे स्कूल। दोपहर में पुनीता ने अपने पति को व्हाट्सऐप पर गले में फंदा डाले हुए अपनी फोटो भेजी और माफी मांगी। फोटो देखते ही सतीश तुरंत घर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा खोलकर वह कमरे में घुसा तो पुनीता फंदे से लटकी हुई थी। सतीश ने आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। इस घटना ने घरेलू हिंसा और नशे की लत के गंभीर सामाजिक परिणामों को उजागर किया है।
