आगरा में मौसम का मिजाज बदला, नए साल पर घना कोहरा छाने का अलर्ट (Agra weather news)
आगरा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले दिनों जहां छह दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया था, वहीं अब मौसम विभाग ने इसमें बदलाव किया है। नए पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को सुबह कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन इसके बाद 31 दिसंबर तक आसमान साफ रहने के आसार हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोत्तरी भी हो सकती है, जिससे सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी।
नए साल की शुरुआत यानी 1 जनवरी से मौसम फिर करवट लेगा। मौसम विभाग ने 1 जनवरी से सुबह और शाम घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान तापमान में बड़ी गिरावट हो सकती है। शीतलहर चलने या कोल्ड-डे-कंडीशन के हालात बन सकते हैं।
शनिवार को अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 12 डिग्री कम था। इससे दिन में भी सर्दी का एहसास हुआ। न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 95 दर्ज किया गया, जिससे गलन की स्थिति बनी रही।
