अवैध खनन (illegal mining) का विरोध करने पर ग्रामीणों को मिली धमकी, SDM से शिकायत
कानपुर के नरवल तहसील क्षेत्र के तिलसहरी बुजुर्ग गांव में अवैध खनन (illegal mining) को लेकर तनाव की स्थिति है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के तालाबों और ग्राम सभा की जमीनों पर खनन माफिया पिछले दो माह से अवैध रूप से खनन कर रहा है। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
ग्रामीणों के अनुसार, अवैध खनन के कारण पिछले साल भी दो किशोरों की डूबकर मौत हो चुकी है। इसके बावजूद खनन माफिया लगातार सरकारी जमीनों को खोद रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विरोध करने पर खनन माफिया ने उन पर फर्जी मारपीट का मामला भी दर्ज करा दिया है, जिससे वे परेशान हैं।
इस पूरे मामले से तंग आकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नरवल से शिकायत की है। एसडीएम विवेक कुमार मिश्र ने ग्रामीणों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
