उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का Agra news दौरा, एकलव्य स्टेडियम में खिलाड़ियों का करेंगे सम्मान
आगरा में बुधवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का आगमन होने जा रहा है। वह दोपहर ढाई बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से सीधे एकलव्य स्टेडियम जाएंगे। उपराष्ट्रपति यहां चल रहे सांसद खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। शाम चार बजे वह आगरा से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए आगरा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को सुरक्षा का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को ही कार्यक्रम स्थल और एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। होटल और गेस्ट हाउस की भी जांच की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुख्य रूट के साथ ही वैकल्पिक रूट पर भी पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा, नगर निगम ने भी उपराष्ट्रपति के रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाया है। सड़कों की मरम्मत की गई है और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक किया गया है। नगर निगम स्थित एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे रूट पर नजर रखी जाएगी।
