अलीगढ़ में किशोरी के अपहरण पर हंगामा, पूर्व मेयर ने थाने पर किया प्रदर्शन | Aligarh crime news
अलीगढ़ के सासनीगेट इलाके में एक किशोरी के अपहरण को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मेयर शकुंतला भारती के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला शांत कराने के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह घटना सासनीगेट थाना क्षेत्र की है। एक मोहल्ले में मूर्ति घिसाई का काम होता है, जहां रोरावर निवासी एक युवक भी काम करता था। आरोप है कि इस युवक ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसा लिया। 1 अप्रैल को युवक ने किशोरी को गोवा ले जाने का झांसा दिया और उसे मथुरा रोड पर बुलाकर अपने साथी के साथ भेज दिया।
किशोरी के घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर किशोरी को नरौरा से बरामद किया। किशोरी की बरामदगी के बाद पूर्व मेयर शकुंतला भारती अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मुख्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है और किशोरी के बयान शनिवार को अदालत में दर्ज कराए जाएंगे।
