UP Secretariat Officer Dismissed: पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने पर बर्खास्तगी
उत्तर प्रदेश सचिवालय में अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत द्वारिका प्रसाद को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई उन पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप सिद्ध होने के बाद की गई है। पहली पत्नी ने 2015 में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच में सामने आया कि द्वारिका प्रसाद ने अपनी पहली पत्नी से तलाक लिए बिना ही दूसरी शादी कर ली थी। उनकी दूसरी पत्नी भी सरकारी सेवक हैं। शिकायत के बाद शुरू हुई जांच लगभग 11 साल तक चली। शुरुआती जांच में साक्ष्यों के अभाव में द्वारिका प्रसाद को आरोपों से मुक्त कर दिया गया था।
हालांकि, सचिवालय प्रशासन विभाग ने जांच आख्या का विश्लेषण किया और पाया कि द्वारिका ने अपनी सेवा पुस्तिका में पहली पत्नी का नाम दर्ज किया था, जबकि दूसरी पत्नी ने भी पति के रूप में द्वारिका का नाम दर्ज कराया था। पहली पत्नी के वोटर आईडी और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेजों में भी पति का नाम द्वारिका दर्ज था।
इसके बाद पुलिस से भी जांच करवाई गई, जिसने दूसरी शादी की पुष्टि की। विस्तृत जांच में द्वारिका को दोषी पाया गया। पिछले साल यूपी लोक सेवा आयोग से सेवा से बर्खास्तगी की अनुमति मांगी गई थी, जिस पर संस्तुति मिलने के बाद अब आदेश जारी कर दिया गया है।
